सीएनजी पाइप लाइन की मेंटीनेंस के चलते पंपों पर लगी उपभोक्ताओं की कतार

0
403

मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीएनजी पाइप लाइन में मेंटीनेंस का काम होने के चलते मंगलवार की शाम जनपद में सीएनजी आपूर्ति ठप रही। इससे सीएनजी उपभोक्ताओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति ठप ही थी।

जनपद में करीब एक दर्जन से अधिक सीएनजी पंप हैं। जिनमें से अधिकतम सीएनजी पंप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हैं। जिनमें फरह, रिफाइनरी, छटीकरा, छाता, टाउनशिप पर हैं तो कुछ मथुरा-राया मार्ग पर भी स्थित हैं। जिनसे प्रतिदिन हजारों की संख्या में उपभोक्ता अपने वाहनों में सीएनजी गैस डलवाते हैं। मंगलवार की शाम अचानक सीएनजी पंपों पर सीएनजी की आपूर्ति ठप हो गई। इससे सीएनजी पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और उपभोक्ता गर्मी के कारण परेशान होते रहे। आपूर्ति ठप होने के कारण हाईवे स्थित छटीकरा पर सीएनजी पाइप लाइन में मेंटीनेंस का काम होना बताया जा रहा था। अधिक जानकारी करने पर पता लगा कि मेंटीनेंस का यह काम करीब रात्रि करीब 11-12 बजे तक जारी रहेगा। उसके बाद ही सीएनजी की आपूर्ति जारी हो सकेगी।