उद्योग व्यापार मंडल में घमासान, पुत्र सहित रविकांत गर्ग निष्कासित, निष्कासन को बताया अवैध

0
1409
रविकांत गर्ग (उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन)

मथुरा। जनपद के व्यापारी नेताओं के बीच छिड़ी वर्चस्व की जंग राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। जिसमें नवनिर्वाचित भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर नियुक्त हुए उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रविकांत गर्ग को संगठन द्वारा बर्खास्त कर दिया गया है। इस कार्यवाही से खफा होकर उनके पुत्र ने जनपदीय इकाई में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से त्याग पत्र देकर मामले को गर्मा दिया है।

उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता रविकांत गर्ग के भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से बर्खास्त होने के बाद उनके पुत्र अजयकांत गर्ग द्वारा उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष से इस्तीफा देने के बाद व्यापारी नेताओं में घमासान नजर आ रहा है। जिसका असर आगामी दिनों में वैश्य समाज की गतिविधियों और आगामी चुनाव में भी दिखाई दे सकता है।

उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रविकांत गर्ग एवं उनके गुट के पदाधिकारीगण।

उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष रहे भाजपा नेता रविकांत गर्ग को बीते दिनों भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया था। जिसके साथ ही गोपाल मोर को वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री एवं जगदीश बेरीवाल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाए गए थे। इन नवनियुक्त पदाधिकारियों को व्यापारी नेताओं द्वारा सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दे दी गईं। साथ ही उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पद पर अरूण अग्रवाल को घोषित कर दिया गया। जब वैश्य समाज एवं उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय एवं स्थानीय पदाधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो वह भौंचक्के रह गए। जिसे लेकर उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों से बात कर जानकारी ली। सदस्यों द्वारा इस प्रकार की किसी भी जानकारी से इंकार किया गया।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित चेयरमैन बाबूलाल गुप्ता।

इसे लेकर आनन फानन में बीते दिनों कानपुर में उप्र उद्योग व्यापार मंडल की कोर बैठक बुलाई गई। जिसमें 59 जिलों के पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में रविकांत गर्ग के मनोनयन पर सवाल खड़े करते हुए सर्वसम्मति से संगठन को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए व्यापार मंडल से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस बैठक में लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया, उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद स्वरूप मिश्रा, प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेंद्र शुक्ला, महामंत्री दिलीप सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल मांट वाले, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मयूरचंद जैन के अलावा मथुरा जिलाध्यक्ष शिवशंकर वर्मा, प्रांतीय युवा चेयरमैन राजीव आनंद, युवा प्रदेश अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

इसके साथ ही भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता, प्रहलाद खंडेलवाल, तारकनाथ एवं त्रिवेदी मोहन गुरनानी द्वारा सभी प्रांतों के व्यापार मंडलों से अपील की गई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा एवं चेयरमैन मनोहर लाल कुमार के निधन के बाद कुछ पदाधिकारियों द्वारा स्वयं को पदों पर मनोनीत कर असंवैधानिक तरीकों से व्यक्तिगत लाभ एवं पद की लालसा में संगठन को तोड़ने का काम किया गया है। जो कि निंदनीय है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि वह भ्रमित न हों और एकजुटता का परिचय देने की अपील की।

इसके बाद भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की 21 सदस्यीय गर्वनिंग बॉडी की तत्काल वर्चुअल बैठक बुलाई गई। जिसमें सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर विजय प्रकाश जैन, चेयरमैन बाबूलाल गुप्ता, वरिष्ठ महामंत्री मुकुंदस्वरूप मिश्रा एवं गोस्वामी तेजानंद को नियुक्त किया गया।

बताते चलें कि गत दिवस मथुरा में राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग एवं प्रदेश अध्यक्ष अरूण अग्रवाल का सम्मान समारोह अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित किया गया। इसे लेकर भी व्यापार मंडल दो फाड़ नजर आया। इसी कार्यक्रम में शामिल होने पर उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन के पुत्र एवं जिला उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजयकांत गर्ग एवं अजय गोयल को संगठन से निष्कासित किया गया है। हालांकि अजयकांत गर्ग द्वारा संगठन से स्वयं इस्तीफा दिए जाने की बात कही जा रही है।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन ने “विषबाण” को बताया कि न तो उन्होंने 20 वर्ष से किसी भी बैठक में प्रतिभाग किया। न ही उन्होंने आज तक कोई सदस्यता शुल्क जमा किया है। और न ही व्यापारी हित में कोई काम किया है। वह फर्जी तरीके से राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। पूछने पर बताया कि उन्हें उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष पद से भी बर्खास्त कर दिया गया है।

 

 

उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन एवं भाजपा नेता रविकांत गर्ग ने “विषबाण” को बातचीत में बताया कि कानपुर में उद्योग व्यापार मंडल की कोई कोर कमेटी की बैठक नहीं हुई है। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप मनगढ़ंत और भ्रामक हैं। जो खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष बता रहे हैं वह स्वयं व्यापार मंडल के कार्यालय में 15 हजार के वेतन पर काम करते थे। कहा कि जिस बैठक में मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। वह बैठक वरिष्ठतम उपाध्यक्ष बालकिशन अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई थी। जिसमें 126 लोग शामिल थे। 22 प्रांतो के लोग जुड़े थे। मेरा निष्कासन पूरी तरह अवैध है। श्री गर्ग ने अपने पुत्र अजयकांत गर्ग द्वारा मथुरा की जनपदीय इकाई से दिए गए त्याग पत्र के बारे में बताते हुए कहा कि मथुरा में उप्र उद्योग व्यापार मंडल कोई काम नहीं कर रहा है। स्थानीय स्तर पर संगठन के लोग दलाली में शामिल हैं। व्यापारी हित में काम नहीं कर रहे हैं। इसके चलते ही अजयकांत गर्ग ने भी इस्तीफा दे दिया है।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मंत्री राजकुमार अग्रवाल मांट वाले

 

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मंत्री राजकुमार अग्रवाल मांट वालों ने “विषबाण” को बताया कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नए राष्ट्रीय विजय प्रकाश जैन और चेयरमैन बाबूलाल गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री मुकुंद मिश्रा हैं और यह कार्यकारिणी पूर्ण रूप से विधि पूर्वक आयोजित हुई वर्चुल बैठक में गठित हुई है। जिसमें देश के सभी राज्यों के 700 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अरूण अग्रवाल की नियुक्ति को भी अवैध बताते हुए कहा कि संगठन में कुछ लोग स्वयंभू पदाधिकारी बन बैठे हैं। जिनके खिलाफ समय आने पर वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी।

 

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवशंकर ने बताया कि जिला उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजयकांत गर्ग और जिला महामंत्री अजय गोयल को संगठन की गरिमा के खिलाफ जाकर काम करने के चलते संगठन से निष्कासित कर दिया गया है। तथा उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कंछल गुट के महानगर अध्यक्ष रमेशचंद चतुर्वेदी, महामंत्री सुनील अग्रवाल से भी संगठन ने अपना वास्ता खत्म करते हुए विशाल खुराना को महानगर अध्यक्ष नियुक्त कर नई कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को ललितपुर में संगठन की बैठक बुलाई गई है। जिसमें 7-8 सितंबर माह में वृंदावन में चुनाव संपन्न कराए जाने की घोषणा की जाएगी।