तत्काल भंग हो उप्र व्यापारी कल्याण बोर्डः उद्योग व्यापार मंडल

0
1124

मथुरा। उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेशीय इकाई की निर्वाचन प्रक्रिया इस बार मथुरा में होगी। इसके लिए बकायदा चुनाव समितियां और चुनाव अधिकारी तय कर दिए गए हैं। दोदिवसीय चुनाव प्रक्रिया सितंबर माह में संपन्न होगी। इसके साथ ही उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड की आड़ में व्यापारी संगठनों पर हो रहे कब्जे को लेकर भी उप्र उद्योग व्यापार मंडल की पत्रकार वार्ता में आक्रोश नजर आया। व्यापार मंडल ने उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड को भंग करने की मांग की।

स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उप्र सरकार द्वारा प्रदेश के व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया गया था। जिसके बाद पूर्व विधायक रविकांत गर्ग को इसका अध्यक्ष बनाया गया। व्यापारियों के हितों के लिए बनाए गए इस कल्याण बोर्ड ने व्यापारियों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। न ही सरकार के समक्ष व्यापारियों की समस्याओं को रखते हुए उनका समाधान कराया। जबकि इसकी आड़ में व्यापारियों में फूट डालकर व्यापारी संगठनों पर कब्जा किया जा रहा है। इससे देश में व्यापारियों के प्रति गलत धारणा उत्पन्न हो रही है।

श्री गुप्ता ने संगठन और इसकी निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हमारा संगठन प्रदेश भर के करीब 2.5 करोड़ व्यापारियों को प्रतिनिधित्व करता है। प्रदेश के हर जनपद एवं तहसील में विधिवत् निर्वाचित/मनोनीत इकाईयां संचालित हैं। व्यापारियों के मसीहा स्व. पंडित श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा व्यापारियों के हितों की लड़ाई 1973 में आरंभ की गई थी। वह अब तक बदस्तूर जारी है। एकमात्र यही संगठन है जो कि प्रत्येक 3 वर्ष में संगठन के विधिवत् चुनाव कराए जाते हैं। इस बार चुनाव की यह प्रक्रिया दो दिवसीय अधिवेशन के रूप में मथुरा में सितंबर माह में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए स्थान एवं चुनाव अधिकारी तय कर दिए गए हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल मांट वाले एवं जिलाध्यक्ष शिवशंकर वर्मा ने बताया कि व्यापारियों के दो दिवसीय महाकुंभ का आयोजन 7 और 8 सितंबर को छटीकरा रोड स्थित श्रीकृष्णा आश्रम में होगा। जिसमें संपूर्ण उप्र के सांगठनिक 80 जनपदों के डेलीगेट्स प्रतिभाग करेंगे। इस चुनाव/अधिवेशन में मुख्य चुनाव अधिकारी शैलेंद्र शर्मा रामपुर, चुनाव अधिकारी चारूचंद्र खरे बांदा, चुनाव अधिकारी दीप अवस्थी कानपुर और सहायक चुनाव अधिकारी सूर्यकांत गुप्ता एटा व राकेश गुप्ता सोनभद्र द्वारा चुनाव प्रणाली को संपन्न कराया जाएगा।

प्रांतीय संगठन मंत्री प्रयागनाथ चतुर्वेदी एवं नंदकिशोर गुसांई ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने मथुरा निवासी प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालकृष्ण अग्रवाल को मुख्य व्यवस्था प्रमुख, रामकिशन अग्रवाल बसेरा गुप, कमल किशोर वार्ष्णेय को व्यवस्था प्रमुख, राजकुमार अग्रवाल मांट वालों को मुख्य चुनाव संयोजक और जिलाध्यक्ष शिवशंकर वर्मा एवं नगर अध्यक्ष मथुरा डॉ. विशाल खुराना को संयोजक नियुक्त किया है। इसके साथ ही लगभग एक दर्जन उप समितियां बनाई गई हैं। बताया कि चुनाव में केंद्र, प्रदेश एवं जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। पत्रकार वार्ता में देवीराम गर्ग एवं मुकेश वार्ष्णेय सहित अन्य कई पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।