करोड़ों की लूट में पति-पत्नी-पुत्र-दामाद सहित 7 गिरफ्तार, 44.86 लाख बरामद, फरार आरोपी पर एक लाख का इनाम

0
1805
पुलिस की गिरफ्त में आए करोड़ों की लूट में शामिल बदमाशों के साथ पुलिस टीम।

मथुरा। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 9 दिन पूर्व बुलियन व्यापारी के कर्मचारी से 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना में लिप्त 3 मुख्य अभियुक्तों सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से 44.86 लाख रूपए की राशि की बरामद हुई है। लूट के मुख्य आरोपी सहित 2 अभियुक्त अभी फरार हैं। मुख्य अभियुक्त पर 1 लाख रूपए का इनाम घोषित किया गया है। साथ ही घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 1 लाख रूपए का पुरस्कार देने की घोषणा एडीजी आगरा द्वारा की गई।

मथुरा कोतवाली अंतर्गत चौकी बाग बहादुर चौकी के सामने से चौक बाजार निवासी बुलियन कारोबारी राजकुमार मित्तल के कर्मचारी से दिनदहाड़े हथियारों की नोंक पर 1 करोड़ 5 लाख रूपए की लूट का पुलिस ने नौहझील थाना क्षेत्र से नीतेश और उसके पिता गिरप्रसाद, मां जगवीरी, तरूण चौधरी पुत्र अर्जुन सिंह, दीपू उर्फ जितेंद्र पुत्र हरीचंद निवासीगण भवोखरा थाना जेवर जिला गौतमबुद्ध नगर और नीतेश के बहनोई अजय पुत्र गोकुल सिंह निवासी गढ़ी कोलाहर थाना नौहझील हाल निवासी बाजना, कोमल पुत्र बनवारी निवासी महादेव घाट झोंपड़ी थाना सदर बाजार मथुरा गिरफ्तार कर गुरूवार को खुलासा कर दिया।

एडीजी आगरा ने खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के पास से लूट के 1 करोड़ 5 लाख रूपए की राशि में से 44 लाख 86 हजार रूपए बरामद कर लिए गए हैं। इनके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से व्यापारियों में दहशत के साथ व्यापारी संगठनों में जबरदस्त उबाल था। घटना के समय अपर पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक आगरा जोन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मथुरा एसएसपी को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। एसएसपी द्वारा लूट का खुलासा करने के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था। साथ ही सीसीटीवी फुटेज में कैद बदमाशों की स्केच जारी कर सभी आरोपियों पर 25-25 रूपए का इनाम भी घोषित कर दिया था।

बुलियन व्यापारी के साथ 1.5 करोड़ की लूट के खुलासे की जानकारी देते हुए एडीजी आगरा एवं अन्य पुलिस अधिकारीगण।

घटना के खुलासे में जुटी पुलिस ने हजारों सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया तो बदमाशों की लोकेशन नौहझील बाजना क्षेत्र में मिली। जिसके बाद पुलिस टीमों ने नौहझील थाना क्षेत्र में अपना डेरा डाल दिया। बताया जाता है कि लूट में शामिल नीतेश की बहन नौहझील थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी कोलाहर में ब्याही है। जो कि कस्बा बाजना में डब्बू पान वाले बाजना के मकान में किराए पर रह रहे थे। घटना में प्रयोग किए गए बैग भी कस्बा बाजना के एक दुकानदार से बदमाशों द्वारा खरीदे गए थे। जो कि सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। लूट के बाद उक्त बदमाश कस्बा बाजना में अंजलि शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने सबसे पहले नीतेश को गिरफ्तार किया। नीतेश ने पूछताछ के दौरान अपने अन्य साथियों का खुलासा किया। जिसके आधार पर पुलिस ने अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार नीतेश के कब्जे से 5 लाख 40 हजार रूपए, तरूण चौधरी से 14.50 लाख, जीतू उर्फ जितेंद्र 14.86 लाख, अजय पुत्र गोकुल से 4 लाख रूपए, गिरप्रसाद से 4 लाख, जगवीरी के कब्जे से 2 लाख और कोमल के कब्जे से 50 हजार रूपए बरामद किए गए। लूट में शामिल बदमाशों के कब्जे से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार लूट की मुखबिरी कोमल पुत्र बनवारी निवासी महादेव घाट झोंपड़ी महादेव घाट थाना सदर बाजार ने की थी।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि लूट में शामिल मुख्य आरोपी अरविंद उर्फ माया पुत्र डंबर सिंह निवासी सादाबाद हाथरस लूटी गई रकम का काफी हिस्सा लेकर फरार है। जिस पर एडीजी आगरा द्वारा 1 लाख रूपए का इनाम घोषित है। साथ ही लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को भी एक लाख रूपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।