गोवर्धन पुलिस ने पकड़े 3 मोबाईल चोर-एक चेन स्नेचर

0
409
गोवर्धन पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों मोबाइल चोर।

मथुरा। जनपद के धार्मिक स्थलों पर मोबाइल चुराने, जेब काटने एवं लूटपाट करने वाले गैंग के 3 सदस्यों को गोवर्धन पुलिस ने मोबाइल और नगदी सहित गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक चेन स्नेचर को भी पकड़ा गया है। जिसने एक महिला श्रद्धालु के गले से सोने की चेन छीन ली थी।

गोवर्धन, वृंदावन एवं बरसाना के धार्मिक स्थलों पर अन्य राज्यों एवं जनपदों से आने वाले बाहरी श्रद्धालुओं से मोबाइल चुराने, जेब काटने एवं लूटपाट की घटनाएं लगातार होती रहती हैं। इस गैंग के सदस्यों द्वारा लगातार घटनाओं को अंजाम देने के चलते पुलिस इन बदमाशों को पकड़ने के लिए काफी दिनों से परेशान थी। गोवर्धन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सौंख अड्डा गोवर्धन के निकट कुछ संदिग्ध दिखने वाले युवक खड़े हैं जो कि किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापा मार कार्यवाही करते हुए 3 युवकों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम-पता वेदांत पुत्र धर्मप्रसाद निवासी कुकड़ी खेड़ा थाना जहानाबाद, पीलीभीत गौरव पुत्र दिगंबर और रोहित पुत्र डोरीलाल निवासीगण राजपुर थाना गोवर्धन मथुरा बताया। इनके कब्जे से श्रद्धालु से छीना गया एक मोबाईल और लूट की राशि बरामद की गई है। थाना प्रभारी गोवर्धन संजीव कुमार दुबे ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।

वहीं गोवर्धन पुलिस ने एक चेन स्नेचर को भी पकड़ा है। जिसका नाम जुगेंद्र पुत्र शंकर ठाकुर निवासी उस्फार थाना हाईवे मथुरा है। इसके कब्जे से करीब 60 हजार कीमत की सोने की चेन बरामद की गई है। यह चेन जुगेंद्र ने गोवर्धन में विमला साहू नाम की श्रद्धालु महिला के गले से छीनी थी। इसके बाद यह फरार हो गया था। पुलिस इसकी तलाश में जुटी थी। इसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेजा जा चुका है।