मथुरा लूटकांडः मुख्य आरोपी ने अलीगढ़ में किया समर्पण

0
719
बदमाशों द्वारा मारी गई गोली से घायल वृद्ध मथुरेश चतुर्वेदी।

मथुरा। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र छत्ता बाजार में अभी 4 दिन पूर्व ही महिला के गले से सोने की चेन लूटने और लुटेरों को पकड़ने का प्रयास करने वाले वृद्ध को गोली मारकर घायल करने वाले बदमाशों ने मथुरा पुलिस को चकमा दे दिया। घटना के मुख्य आरोपी ने अलीगढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। अब मथुरा पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने के प्रयास में जुटी है।

शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत छत्ता बाजार क्षेत्र में 4 दिन पूर्व बाइक सवार 2 बदमाशों ने दर्शन करने के लिए जा रही एक महिला के गले से करीब ढाई तोले की सोने की जंजीर लूट ली थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त मथुरेश चतुर्वेदी ने एक लुटेरे को पकड़ लिया। इससे गुस्साए बदमाशों ने वृद्ध को गोली मार दी थी और फरार हो गए। गंभीर घायल मथुरेश चतुर्वेदी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर के बीचोंबीच भीड़ भरे क्षेत्र में बदमाशों द्वारा की गई दुस्साहस भरी वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया था। तभी से पांचों टीमें निकटवर्ती जनपदों के साथ समीप के राज्यों में भी बदमाशों की तलाश में जुटी थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस बदमाशों के एकदम नजदीक पहुंच चुकी थी और घटना का शीघ्र ही खुलासा करने वाली थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी विष्णु गौतम निवासी जाटौली थाना गोंडा अलीगढ़ ने अलीगढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी मिलने पर अब मथुरा पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

मथुरा शहर में महिला से चैन लूटी,विरोध करने पर युवक को मारी गोली,हालत गंभीर