जिओ कंपनी के कर्मचारी की गला रेत कर हत्या, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

0
258

मथुरा। थाना मगोर्रा क्षेत्र में गुरूवार की सुबह मकेहरा रजवाह की पटरी पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या गला रेत कर की गई थी। स्थानीय लोगों द्वारा की गई शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी देहात ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

थाना मगोर्रा के गांव लठाकुरी निवासी 24 वर्षीय अर्जुन पुत्र महताब सिंह जिओ टेलीकॉम कंपनी में काम करता था। बुधवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद घर के लिए लौट रहा था लेकिन घर नहीं पहुंचा था। उसके बाद गुरूवार की सुबह उसका शव मकेहरा नहर की पटरी के किनारे पानी में पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की हत्या गला रेत कर की गई है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर हुई शिनाख्त के बाद अर्जुन के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

वहीं घटना की सूचना पर एसपी देहात श्रीश चंद एवं थाना प्रभारी मनोज शर्मा मय फोर्स के मौके पर पहुंच गये। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द ही घटना के खुलासा कर अपराध करने वालों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। मृतक के चाचा विजयपाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ थाना मगोर्रा में मुकदमा दर्ज किया गया है। चाचा विजयपाल के अनुसार, रात को जब अर्जुन घर नहीं गया तो उसकी तलाश की गई। उसका मोबाइल फोन भी ऑफ आ रहा था। परिजनों का कहना है कि मौके पर उसका मोबाइल फोन नहीं मिला है। उसकी बाइक भी कुछ दूरी पर पड़ी मिली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।