भाजपा विधायक ने कराया हाईवे पर टोल फ्री, बिना टोल अदा किए निकले हजारों वाहन

0
1539
महुअन टोल प्लाजा पर सुरक्षाकर्मियों के साथ खड़े बलदेव के भाजपा विधायक पूरन प्रकाश।

मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित महुअन टोल प्लाजा पर अव्यवस्थाओं के चलते लगी वाहनों की लंबी कतार के बीच एंबुलेंस एवं भाजपा विधायक के फंसने पर विधायक ने टोल को फ्री करा दिया। इससे हजारों वाहन बिना टोल अदा किए ही निकल गए। इसे लेकर विधायक ने आक्रोश व्यक्त करते हुए टोल कर्मियों पर जनता का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए शासन से सख्त कार्यवाही की मांग की है।

दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फरह के निकट महुअन टोल प्लाजा पर गुरू पूर्णिमा के चलते चारों ओर से मथुरा आ रहे श्रद्धालुओं के कारण वाहनों की कतार लगी हुई थीं। वहीं टोल कर्मियों ने आने और जाने के लिए बनी हुई 7-7 लेन की जगह 3-3 लेन चला रखी थीं। जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। धूप और तेज गर्मी के कारण वाहनों में बैठे लोग काफी परेशान हो रहे थे। इसी भीड़ में एंबुलेंस भी फंसी हुई थी। जब यात्रियों द्वारा टोल कर्मियों से जल्दी-जल्दी काम करने के लिए कहा गया तो टोल पर लगे पहलवान उनसे बदतमीजी करने लगे।

महुअन टोल प्लाजा पर बिना टोल अदा किए निकलता हुआ ट्रक।

इसी दौरान फरह से मथुरा आ रहे बलदेव के भाजपा विधायक पूरन प्रकाश भी इसी वाहनों की कतार में फंस गए। जब देर बाद भी विधायक की गाड़ी और एंबुलेंस नहीं निकल पाई। तो विधायक पूरन प्रकाश अपनी गाड़ी से उतरे और सुरक्षा कर्मियों के साथ टोल प्लाजा पर बने केबिन के निकट पहुंचे। पुलिसकर्मियों और विधायक को देखते ही टोल पर लगे पहलवान और टोल कर्मी भाग खड़े हुए। इसके बाद विधायक और सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह पहले एंबुलेंस को वहां से निकाला। इसके बाद कतार में फंसे वाहन वहां से निकले। इस दौरान करीब 30 मिनट से अधिक टोल फ्री रहा। इसके चलते दोनों तरफ से हजारों वाहन बिना टोल अदा किए ही टोल से निकल गए।

इस संबंध में भाजपा विधायक पूरन प्रकाश ने “विषबाण न्यूज” को बताया कि महुअन टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों, एंबुलेंस अथवा वीआईपी के लिए सर्विस लेन नहीं है। इससे एंबुलेंस अथवा वीआईपी आसानी से नहीं निकल पाते। फरह और आसपास के लोग मथुरा तक किसी भी काम के लिए जैसे डीएम से मिलने, जनप्रतिनिधि से मिलने अथवा मथुरा शहर के बाजार में किसी काम के कारण आते हैं तो महुअन टोल प्लाजा पर आने के उन्हें टोल अदा करना पड़ता है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जबकि नियमों के अनुसार टोल प्लाजा के 20 किमी के रेडियस में रहने वाले लोगों से टोल नहीं लिया जा सकता है। इसके बाद भी स्थानीय लोगों को भी राहत नहीं मिलती। विरोध करने पर टोल कर्मियों द्वारा लगातार अभद्रता की जाती है।

विधायक पूरन प्रकाश ने बताया कि महुअन टोल प्लाजा पर होने वाली अव्यवस्थाओं से 3 दिन पहले डीएम से भी वार्ता हुई थी और आज सीओ रिफाइनरी तथा थाना प्रभारी फरह से भी बात हुई। उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। विधायक पूरन प्रकाश ने बताया कि 7-7 लेन की जगह 3-3 लेन चल रही थीं। जिससे वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। एंबुलेंस भी फंसी हुई थी। इसके चलते ही वह अपनी गाड़ी से उतरे तो उन्हें देकर टोल कर्मी भाग खड़े हुए। इसके चलते करीब 15 मिनट तक टोल फ्री रहा। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह शासन से इसकी शिकायत करेंगे।