श्रीकृष्ण जन्मोत्सवः सीएम योगी का आगमन तय, मुख्य कार्यक्रमों में लेंगे भाग

0
674
फोटो- (सोशल मीडिया)

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्म के साक्षी बनने के लिए जहां देश विदेश से लाखों श्रद्धालु पावन नगरी मथुरा में आ रहे हैं। वहीं प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ भी भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने के लिए कान्हा की नगरी में आएंगे। वह 30 अगस्त की दोपहर में मथुरा आएंगे और यहां करीब 1.50 घंटा तक रूकेंगे। इस दौरान वह महाविद्या कालोनी स्थित रामलीला मैदान पर सजाए गए मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे। यहां से फिर श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाकर माखनचोर के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाएंगे। इस संबंध में स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा सीएम योगी आदित्यनाथ का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

यह रहेगा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ का राजकीय हेलीकॉप्टन 30 अगस्त को दोपहर में 3.15 बजे ओम पैराडाइज हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से कार द्वारा 03.20 बजे रामलीला मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। 3.30 बजे वह महाविद्या कालोनी स्थित रामलीला मैदान पहुंचेंगे। 3.32 बजे मुख्य मंच पर आगमन होगा। यहां वह संतजनों का स्वागत-सम्मान करेंगे। मुख्य मंच पर पहुंचकर दीप प्रज्जवलन कर मंगलाचरण करेंगे। इस दौरान वृंदावन कुंभ के सफल आयोजन के लिए संतजनों द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्मान पत्र भेंट किया जाएगा। इसके बाद सीएम योगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे। साथ ही उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कलाकारों को संबोधित करेंगे। यहां से वह 4.25 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए निकलेंगे और 4.30 बजे श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंच जाएंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान में वह 4.50 बजे तक रहेंगे। यहां से 4.50 बजे ओम पैराडाइज हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 5.05 बजे वह लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस अधिकारी हुए सक्रिय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा आने का कार्यक्रम तय होने के साथ ही जिला प्रशासन और नगर निगम सक्रिय हो गया। शहर की साफ सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। सफाई कर्मचारी प्रमुख चौराहों और मार्गों को साफ करते हुए नजर आए। वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारी विद्युत खंभों और ट्रांसफार्मर्स को नीचे से पॉलीथिन से ढकते दिखाई दिए। ताकि किसी भी श्रद्धालु अथवा जानवर को विद्युत करंट से दिक्कतों का सामना न करना पड़े। वहीं पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गए। एसएसपी द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। यातायात एवं रूट व्यवस्था के लिए बनाए गए नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो। इसके लिए भी योजना तैयार की गई। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा लगातार मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम बदला गया। करीब 3 कार्यक्रम जारी किए गए। जोकि सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे। अंत में जिला प्रशासन द्वारा फाइनल कार्यक्रम जारी किया गया।

दो वर्ष पूर्व नहीं आ सके थे सीएम योगी
वर्ष 2019 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मथुरा आने का कार्यक्रम तय हो चुका था और वह लखनऊ से मथुरा के लिए उड़ान भी भर चुके थे लेकिन इसी दौरान तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली की मृत्यु होने के कारण उनका कार्यक्रम टल गया। उस वर्ष भी मथुरा में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। रामलीला मैदान में भव्य मंच सजाया गया था। करीब 1000 हजार कलाकारों द्वारा शहर में शोभायात्रा निकाली गई थी। शहर में स्थान-स्थान पर मंच सजाए गए थे। जिन पर कलाकारों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए थे। जबकि गत वर्ष कोरोना महामारी के चलते श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से नहीं मनाया जा सका था।