10 अक्टूबर को सीएम योगी आ सकते हैं मांट, करोड़ों की सौगात देने की संभावनाएं

0
811

मथुरा। उप्र के मुखिया योगी आदित्यनाथ के 10 अक्टूबर को जनपद की मांट विधानसभा में आने की संभावना है। उनके आगमन की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी सतर्क हो गए हैं। उन्होंने सीएम योगी के आगमन को देखते हुए अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का मांट विधानसभा में आवागमन आरंभ हो गया है। डीएम-एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मांट में हेलीपैड बनाने के लिए जगह का निरीक्षण किया।

मांट विधानसभा के जाबरा रोड स्थित ब्रज आदर्श इंटर कालेज परिसर में संभवतः 10 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा आयोजित कराने की तैयारियां की जा रही हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी योगी आदित्यनाथ इसी परिसर में आकर तत्कालीन मांट विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी रहे एसके शर्मा के समर्थन में सभा करने के लिए आ चुके हैं। योगी आदित्यनाथ सीएम बनने के बाद प्रथम बार मांट विधानसभा में आ रहे हैं। उनकी सभा को सफल बनाने के लिए जहां भाजपाईयों द्वारा जनसंपर्क किया जा रहा है। भीड़ जुटाने के लिए भाजपाईयों को लक्ष्य दे दिया गया है। वहीं प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। डीएम एवं एसएसपी ने सभा स्थल और हैलीपैड स्थल का जायजा लिया। हालांकि यह कार्यक्रम सरकारी बताया जा रहा है। लेकिन फिर भी विधानसभा चुनाव से कुछ समय पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ के यहां आने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं स्थानीय जनता को आशा है कि सीएम योगी यहां आकर क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की घोषणा कर सकते हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार सीएम योगी आदित्यनाथ का मांट आने की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने “विषबाण न्यूज” को बताया कि मुख्यमंत्री का मांट विधानसभा में आना तो तय है लेकिन अभी कार्यक्रम की तिथि अभी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि हालांकि भाजपा कार्यकर्ता उनके आगमन की संभावनाओं को देखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुट गए हैं।