इस बार भव्य रूप से मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, देश-विदेश के 400 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति, दुल्हन की तरह सजेगा शहर

0
939
श्रीकृष्ण जन्मस्थान

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को भव्य रुप देने और विश्व स्तर पर इसे पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस बार भी मथुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। त्रिदिवसीय कार्यक्रमों के तहत शहर भर में करीब 16 स्थानों पर सांस्कृतिक झलकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण से परिचित कराया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रमों में देश-विदेश के करीब 400 कलाकार प्रतिभाग करेंगे। मथुरा को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर अजन्मे के जन्म के साक्षी बन सकते हैं।

योगी सरकार द्वारा अयोध्या में भगवान श्रीकृष्ण की भूमि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्यता से मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय पर खरा उतरने के लिए प्रशासन, नगर निगम और संस्कृति विभाग जुटे हुए हैं। 3 दिवसीय इस कार्यक्रम के अंतर्गत 30 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम में स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे और कार्यक्रमों के गवाह बनेंगे। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 29, 30 और 31 अगस्त तक चलेंगे। यह अपने आप में एक बड़ा आयोजन माना जा रहा है। इस कार्यक्रम को उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

29 अगस्त को करीब 400 कलाकारों द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा श्रीकृष्ण जन्मभूमि से आरंभ होकर पोतरा कुंड, गोविंदनगर, रूपम टॉकीज के सामने से होते हुए डीग गेट से होकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि तक जाएगी। 29 और 30 अगस्त को शहर में करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर मंच के माध्यम से सांस्कृति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें नौटंकी, लोकगीत, भजन, चरकुला नृत्य, रासलीला, मयूर नृत्य, ब्रज की होली आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। इनमें एक करीब दर्जन प्रमुख चौराहे स्टेट बैंक, मसानी चौराहा, गोवर्धन चौराहा सहित अन्य चौराहे भी शामिल हैं। चौराहों को भी सजाया जा रहा है। महाविद्या कालोनी स्थित रामलीला मैदान पर मुख्य मंच सजाया जा रहा है। जहां करीब 16 दल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। जिनमें ब्रज का प्रमुख चरकुला नृत्य, फूलों की होली एवं भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं शामिल हैं। साथ ही अन्य स्थानों के प्रमुख नृत्यों का भी आयोजन होगा। रामलीला मैदान से लेकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान तक विशेष रूप से कालीन बिछाया जाएगा।

इसके साथ ही यमुना किनारे विश्राम घाट, ठकुरानी घाट एवं केसी घाट को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। ताकि यमुना दर्शन करने के लिए आने वाले भक्तों को यहां का अलौकिक स्वरूप दिखे। 31 अगस्त को कलाकार गोकुल पहुंच जाएंगे। जहां नंदोत्सव मनाया जाएगा।कार्यक्रमों के आयोजन के लिए शासन स्तर से 190 लाख रूपए की डिमांड भेजी गई है। इसमें से लगभग 1 करोड़ रूपया स्वीकृत भी हो चुका है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के आने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि अभी तक प्रशासन को उनका कोई कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है लेकिन उनके आने की पूरी संभावनाएं हैं। सीएम योगी के आने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भी प्रशासन द्वारा अपनी तैयारियों को अंजाम दिया जा रहा है।