सांस्कृतिक झलकियों के मध्य अजन्मे के जन्म के साक्षी बनेंगे श्रद्धालु, सज गए चौराहे-घाट

0
580
आकर्षक रूप में सजाया गया भूतेश्वर चौराहा।

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 30 अगस्त सोमवार को मनाई जाएगी, लेकिन देश विदेश के हजारों श्रद्धालुगण शुक्रवार रात्रि से ही मथुरा और वृंदावन आ चुके हैं। यहां वह मंदिरों के दर्शन कर रहे हैं। इसके बाद सोमवार को वह भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साक्षी बनेंगे। श्रद्धालुओं का मन मोहने के लिए उप्र पर्यटन विभाग ने शासन के इशारे पर अपनी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। शहर को मनोहारी एवं आकर्षक रूप दिया गया है। नगर में विभिन्न स्थानों पर करीब 600 कलाकार सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। जिनके माध्यम से श्रद्धालु रासलीला और अन्य लोक कलाओं से परिचित होंगे।

उप्र पर्यटन एवं उप्र ब्रज तीर्थ विकास विकास परिषद् द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। शहर के विभिन्न चौराहों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। कपड़े और विद्युत झालरों से सजाया जा रहा है। आकर्षक लाइटिंग की गई है। गुब्बारों से सजाया जा रहा है। यह चौराहे भक्तगणों के लिए सेल्फी पॉइंट बने हुए हैं। पर्यटन विभाग एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद् द्वारा 30 अगस्त सोमवार को एक शोभायात्रा का आयोजन कराया जा रहा है। जिसमें अलग-अलग विद्या के करीब 600 कलाकार सम्मिलित होंगे। यह कलाकार शंख वादन, रमतुला, बम नगाड़ा, संकीर्तन मंडली, ढोल ग्रुप, बहुरूपण कलाकार, जंगम जोगी, नृत्य समूह, बीन ग्रुप, मयूर नृत्य, कठपुतली, चंग लावनी, बम नगाड़ा, बम रसिया में निपुण कलाकार होंगे।

कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तैयार हो रहा रामलीला मैदान में भव्य मंच।

महाविद्या कालोनी स्थित रामलीला मैदान में भव्य सांस्कृतिक पंडाल स्थापित कराया जा रहा है। जिसमें कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्य मंच पर ब्रज के लोक नृत्य एवं गायन, राई नृत्य, भगवान श्रीकृष्ण का संकीर्तन, लोक गायन, श्रीकृष्ण लीला, लोक संगीत एवं लोक नृत्य, भजन, रासलीला, बांसुरी वादन, मंगलाचरण, शंखवादन, जंगम जोगी, चरकुला नृत्य, लोकगीत गीत एवं बधाई वादन, नृत्य वाटिका, भजन, कत्थक नृत्य एवं श्रीकृष्ण जन्मलीला/महारास का आयोजन किया जाएगा।

शहर में 12 स्थानों पर सजाए गए हैं छोटे मंच
शहर में 12 अलग-अलग स्थानों पर छोटे मंच तैयार किए गए हैं। जिनमें पोतरा कुंड, महाविद्या चौराहा, भूतेश्वर तिराहा, श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट नंबर 3, डीग गेट सब्जी मंडी के पास, बीएसए कालेज, गोवर्धन चौराहा, कृष्णापुरी तिराहा, बस स्टेंड, मालगोदाम रोड, गोवर्धन, गोकुलजहां पर कलाकार अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगे। कहीं लोकगीत गाए जाएंगे। तो कहीं जादूगर जादू का खेल दिखाते हुए दिखेंगे। कहीं नृत्य होगा तो कहीं बांसुरी सहित अन्य वाद्यों का वादन। इन सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों का श्रद्धालुगण लुत्फ उठा सकेंगे। इन कार्यक्रमों का मंचन रविवार 29 अगस्त से आरंभ हो गया।

विद्युत लाइटों से जगमगाता श्रीकृष्ण जन्मस्थान के निकट स्थित पोतरा कुंड।

सजाए गए प्रमुख चौराहे-घाट
देश विदेश से आए और स्थानीय भक्तों को लुभाने के लिए शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। विभिन्न चौराहों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। जिनमें स्टेट बैंक चौराहा, भरतपुर गेट चौराहा, डेंपियर नगर, मसानी चौराहा, गोवर्धन चौराहा, डीग गेट चौराहा, भूतेश्वर तिराहा, लक्ष्मीनगर तिराहा, कृष्णापुरी तिराहा, अटल्ला चुंगी एवं विद्यापीठ चौराहा शामिल हैं। इसके साथ ही मथुरा स्थित विश्राम घाट, वृंदावन स्थित केसी घाट और गोकुल स्थित ठकुरानी घाट को सजाते हुए भव्य रूप दिया गया है। है।